ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के खिलाफ वकीलों ने किया प्रदर्शन
बलरामपुर। सदर तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के खिलाफ बुधवार को वकीलों ने हंगामा काटा। नारेबाजी कर उन्हें हटवाने की मांग की। वकीलों का आक्रोश देख प्रशासन भी सतर्क रहा और तहसील परिसर में चार थानों की पुलिस व पीएसी के जवान तैनात कर दिये गये।
अधिवक्ताओं ने सदर तहसील परिसर में धरने को संबोधित करते हुए कहा कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को हटवाने के लिए वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है।
उधर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने डीएम से वार्ता कर सदर तहसील परिसर में चार थानों की पुलिस को तैनात करा दिया। वहीं एसडीएम कोर्ट में नारेबाजी कर रहे वकीलों को सीओ सिटी ओपी सिंह ने समझा बुझाकर बाहर निकाला।
वकीलों ने चेतावनी दी है कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का स्थानांतरण न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वकीलों का आरोप है कि 22 जनवरी को हड़ताल की नोटिस के बावजूद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने काम किया जिससे वकील आक्रोशित हो गए हैं।
इस संबंध में सदर तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार हर्ष ने बताया कि वह मुकदमों की सुनवाई जारी रखेंगे। यदि अधिवक्ता न्यायालय पर नहीं आएंगे तो पत्रावलियां निरस्त कर दी जाएंगी।