नेटवर्क की समस्या से बीएसएनएल के 10 लाख उपभोक्ता परेशान
बलरामपुर। जिले के करीब 10 लाख की आबादी को बीएसएनएल की मोबाइल, लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड सेवाओं के उपभोक्ताओं को नेटवर्क की समस्या से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते एक माह से बीएसएनएल के नेटवर्क की आंखमिचौली का खेल जारी है। विभागीय अफसर व कर्मी सरकार के डिजिटल इंडिया को चूना लगा रहे हैं। सभी विभागों के योजनाओं का लाभार्थियों को समय से लाभ नहीं मिल पा रहा है।
डीएम द्वारा तीन बार दिए गए नोटिस को भी विभागीय अफसरों ने हवा में उड़ा दिया है। बतादें कि जिले में दिसंबर 2018 के अंतिम सप्ताह से 23 जनवरी 2019 तक बीएसएनएल की मोबाइल, लैंडलाइन व ब्राडबैंड सेवाएं नेटवर्क के चक्कर में कई बार बाधित रही हैं।
इन सेवाओं के करीब जिले के करीब 10 लाख उपभोक्ता नेटवर्क न रहने से परेशान हैं। सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठानों के साथ-साथ जिले के सभी बैंकों में नेटवर्क गायब रहने से कामकाज प्रभावित हो रहा है।
नेटवर्क गायब रहने से एटीएम का भी संचालन ठीक से नहीं हो पा रहा है। बैंक ग्राहकों को एटीएम से पैसे निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पचपेड़वा, तुलसीपुर गैसड़ी व हरैया सतघरवा ब्लॉकों के बैंकों में नेट बैंकिंग से लेनदेन नहीं हो पा रहा है। इन ब्लॉकों के बैंक ग्राहकों से अफसरों व कर्मियों के साथ अक्सर झड़प की घटनाएं भी हो रही हैं।
सभी विभागों के अफसरों को बीएसएनएल नंबर का सीयूजी अलॉट किया गया है। अफसरों के सीयूजी मोबाइल नंबरों पर ही सभी विभागों के लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने तथा समस्या निराकरण कराने के लिए संपर्क करना पड़ रहा है।
नेटवर्क गायब रहने से अफसरों के सीयूजी नंबरों पर संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। लोगों ने डीएम से कई बार समस्या का स्थाई निरकारण कराने के लिए शिकायत की लेकिन विभागीय अफसरों पर डीएम के आदेश का भी कोई असर नहीं दिख रहा है। पेंशन, सामूहिक विवाह योजना, छात्रवृत्ति व अन्य योजनाओं के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
विभागीय कर्मी गणेश कुमार शुक्ल ने बताया कि इटियाथोक लाइन की ओएफसी रिंग बिछाने के लिए केबिल व अन्य संसाधन दो माह से उपलब्ध है।
उतरौला लाइन में ओएफसी रिंग कट जाने के चलते ही नेटवर्क की समस्या उत्पन्न हो रही है। बीएसएनएल के डिवीजनल इंजीनियर हेडक्वार्टर देवीपाटन मंडल गोंडा एके सिंह ने बताया कि बलरामपुर के विभागीय अफसरों को समस्या का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।
करीब एक माह से बीएसएनएल की मोबाइल, लैंडलाइन व ब्राडबैंड सेवाएं नेटवर्क के चक्कर में कई बार बाधित हो रही हैं। तीन दिन के अंदर यदि समस्या का स्थाई निराकरण नहीं कराया गया तो विभाग के सभी अफसरों व कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कृष्ण करुणेश, डीएम