कर्जा माफ कराने के लिए उमड़ा किसानों का हुजूम
बलरामपुर। बैंकों के कर्जे माफ कराने के लिए किसानों का हुजूम उमड़ पड़ा है। विकास भवन स्थित नोडल अफसर के दफ्तर में कर्जा माफ कराने के लिए किसानों से आवेदन भरवाया जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने कर्जा माफ कराने के लिए 21 जनवरी तक आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की है। किसानों के बैंक कर्जे माफ कराने के लिए सरकार ने दूसरी बार कर्जमाफी योजना का वेब पोर्टल खोल दिया है।
ऋण मोचन योजना के नोडल अफसर व जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार ने बताया कि शनिवार तक फसली ऋण योजना का लाभ लेने के लिए अब तक करीब 500 किसानों ने आवेदन भरा है।
सात जनवरी से 21 जनवरी तक आवेदन करने की तिथि निर्धारित की गई है। प्रभारी डीएम व सीडीओ कृत्तिका ज्योत्स्ना ने जिले के सभी ब्लॉकों के बीडीओ, एडीओ पंचायत व ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देश दिया है कि गांवों में प्रचार-प्रसार कराकर अधिक से अधिक किसानों को फसली ऋण योजना का लाभ दिलाया जाए।