योग व ध्यान के सहारे भारत बनेगा विश्व गुरू : सुरेश राणा
जिले के कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से किया योग
अमर उजाला ब्यूरो
बलरामपुर। स्वस्थ रहने की सदियों पुरानी विधा योग व आयुर्वेद के सहारे भारत विश्व गुरू बनने की राह पर निकल पड़ा है। 21वीं सदी में भारत को विश्व गुरु बनने की भविष्यवाणी ऋषियों तथा मनीषियों ने की थी। गत तीन वर्ष पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने विश्व योग दिवस को मान्यता देकर यह सिद्घ कर दिया है कि 21वीं सदी में यह देश विश्व गुरु बनेगा।
यह बातें बुधवार को जिला स्पोटर्स स्टेडियम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग शिविर का उद्घाटन करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने कही। उन्होंने कहाकि योग तथा ध्यान से न केवल स्वस्थ शरीर पाया जा सकता है बल्कि इससे दीर्घायु भी प्राप्त होती है। शिविर का उद्घाटन प्रभारी मंत्री के साथ सदर विधायक पलटूराम, डीएम राकेश मिश्र, एसपी अभिषेक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, महामंत्री अजय सिंह पिंकू तथा एसएसबी 9वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रदीप कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर किया। शिविर में हजारों लोगों ने एक साथ योग शिक्षक पतंजलि योग समिति के अजय मिश्र के निर्देशन में योग व आसन किया। सईद मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी की सचिव शाइस्ता खान ने भी अपने सहयोगियों के साथ लोगों को योग कराने में मदद की। शिविर में पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष शाबान अली ने भी भाग लिया। योग शिविर में भारी पुरुषों के साथ-साथ भारी संख्या में महिलाओं तथा स्कूली बच्चों ने भी प्रतिभाग किया। एकल विद्यालय के प्रभारी रवीन्द्र गुप्ता ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बच्चों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।