बलरामपुर। प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने पर बालिका-बालक वर्ग में 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया। अब ये खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल में शामिल होंगे।
उप क्रीड़ा अधिकारी प्रवेश कुमार रावत ने बताया कि 25 से 27 फरवरी तक लखनऊ में प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक-बालिका जूडो प्रतियोगिता होनी है। प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसके लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। जूडो प्रशिक्षक विजय शंकर पांडेय के देखरेख में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के आधार पर बालिका वर्ग में रूही, कल्पना भारती, सिमरन भारती, मानवी सिंह, सालनी चौहान, नैंसी उपाध्याय व संस्कृति पांडेय का चयन हुआ है। वहीं, बालक वर्ग में सौरभ चौधरी, गौरव चौधरी, समर, यशराज जायसवाल, मो. शहनवाज, इंद्रजीत पाल, आकाश पांडेय, मो. अर्श व विकास पांडेय का चयन किया गया है।
अब ये सभी खिलाड़ी 23 फरवरी को गोंडा में आयोजित मंडलीय ट्रायल में शामिल होंगे। वहां बेहतर प्रदर्शन करने पर देवीपाटन मंडल की टीम में शामिल होने का मौका मिलेगा। देवीपाटन मंडल की टीम में जगह बनाने पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगे। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को उप क्रीड़ा अधिकारी ने बधाई देते हुए अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है। इस अवसर पर पवन तिवारी, नागेंद्र गिरि व हिना खातून आदि मौजूद रहे।