पिपरहवा चौराहा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेली खुर्द में स्वयं सहायता समूह की बैठक आयोजित की गई। इसमें महिलाओं को संगठित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में समूह सखी लक्ष्मी देवी एवं आजीविका सखी संजू देवी ने समूह से वंचित महिलाओं को जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की मजबूत कड़ी है। नियमित बचत, आपसी सहयोग और सामूहिक निर्णय की भावना से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर सकती हैं। आवश्यकता पड़ने पर समूह से ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू करने का अवसर भी मिलता है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
साथ ही कौशल विकास योजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से अवगत कराया गया, ताकि वे प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार या नौकरी के माध्यम से आय बढ़ा सकें। बैठक में संगीता देवी, बड़का, सुशीला देवी, मंजू सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने समूह से जुड़कर आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनने का संकल्प लिया।