बलरामपुर। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शुक्रवार को सीएचसी शिवपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक प्रणव पांडेय सहित 16 स्वास्थ्य कर्मी बिना सूचना के गैरहाजिर मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ शुक्रवार को सीएचसी शिवपुरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक के साथ चिकित्साधिकारी डॉ. सविता जायसवाल, डॉ. विशाल दास गुप्त, आप्टोमेट्रिस्ट सालिम हुसैन, नेत्र परीक्षण अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स ज्योति श्रीवास्तव, वार्डबॉय अरबचंद्र मिश्र व रुचि तिवारी सहित 16 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले।
सीएमओ ने अनुपस्थित अवधि का वेतन रोकते हुए सभी से स्पष्टीकरण मांगा है। जेएसवाई वार्ड में निरीक्षण के समय दो प्रसूता भर्ती मिलीं। बेड पर चद्दरें गंदी बिछी पाई गईं, जिस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। परिसर में गंदगी मिलने पर नियमित सफाई का निर्देश दिया। अधीक्षक को निर्देश दिया कि स्वयं समय से सीएचसी पर उपस्थित रहें और समस्त चिकित्सक व कर्मचारियों को भी इसके लिए निर्देशित करें। निरीक्षण के समय मिलीं सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर करते हुए बिंदुवार आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला स्वाथ्य शिक्षाधिकारी अरविंद मिश्र व डॉ. रजत शुक्ल आदि मौजूद रहे।