फ्यूज जोड़ते समय झुलसा युवक, हालत गंभीर
बलरामपुर। विद्युत उपकेंद्र तुलसीपुर के ग्राम छटाईडीह में विद्युत पोल पर चढ़कर फ्यूज जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से युवक झुलस गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने मामले में पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है। एसडीओ का कहना है कि ग्रामीणों ने बिना शटडाउन लिए प्राइवेट लाइनमैन से फ्यूज जुड़वाने की कोशिश की है।
ग्राम हरहटा निवासी तिलकराम (38) रविवार को छटाईडीह गांव में पोल पर चढ़कर फ्यूज जोड़ रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि उपकेंद्र से शटडाउन लिया गया था, इसके बावजूद सप्लाई चालू हो गई। इससे करंट की चपेट में आने से तिलकराम झुलसकर पोल से गिर गया।
उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में एसडीओ वीके श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों ने बिना सूचना दिए प्राइवेट लाइनमैन से फ्यूज जुड़वाने की कोशिश की। इसी वजह से हादसा हुआ है। इसमें विभाग का कोई दोष नहीं है।