बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में विधायक का स्वास्थ्य परीक्षण करती स्वास्थ्यकर्मी।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। विश्व हृदय दिवस पर रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्टेडियम में सैर करने आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। लोगों को हृदय रोग, मधुमेह व ब्लड प्रेशर आदि रोगों के लक्षण बताते हुए विशेष सावधानी बरतने का सुझाव दिया। लोगों को हृदय रोग के प्रति जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने फीता काटकर किया। शिविर में तुलसीपुर के विधायक ने अपनी सेहत की जांच कराई। सीएमओ ने कहा कि हृदय रोग और इससे जुड़ी बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक वर्ष 29 सितंबर को हृदय दिवस मनाया जाता है। हृदय रोग के प्रमुख कारण उच्च रक्तचाप, धूम्रपान और जंक फूड हैं। इसके अलावा शारीरिक निष्क्रियता, मोटापा व तनाव भी हृदय रोग को बढ़ावा देते हैं। हृदय रोग से बचने के लिए हमें नियमित व्यायाम करना चाहिए। इसके साथ ही संतुलित भोजन, फल व ताजा हरी सब्जियों का सेवन करना चाहिए।
सीएमओ ने बताया कि 145 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए रक्तचाप, वजन, ब्लड प्रेशर व शुगर आदि की जांच की गई। जांच के दौरान मधुमेह के 10 व उच्च रक्तचाप के 12 मरीज चिह्नित किए गए। सभी मरीजों को जिला मेमोरियल चिकित्सालय में स्थापित एनसीडी क्लीनिक में उपचार कराने के लिए बुलाया गया है। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. अजय कुमार शुक्ल, डॉ ऋषि श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, स्टॉफ नर्स प्रीती, प्रियांशी, नीतू, अमित, मोनिका अवस्थी, दिलीप व नासिर खान सहित तमाम लोग मौजूद रहे।