बलरामपुर। सीबीएसई बोर्ड 12वीं की परीक्षा में शुभ अग्रवाल ने 95.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में परचम लहराया है। सीबीएसई बोर्ड के सभी स्कूलों में गुरुवार को रिजल्ट घोषित होते ही सफल परीक्षार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सफलता अर्जित करने वाले मेधावियों ने कठिन मेहनत, गुरुजनों व परिजनों के आशीर्वाद को मूलमंत्र बताया है। वहीं गुरुजनों ने परीक्षार्थियों की सफलता पर उन्हें बधाई दी है।
जिले के सीबीएसई 12वीं में करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए है। जिले में सीबीएसई 12वीं की दो केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। केंद्रीय विद्यालय में जवाहर नवोदय विद्यालय, सेंट जेवियर्स स्कूल, ब्लूमिंग बडर्स व एमजे एक्टिविटी उतरौला तथा सेंट जेवियर्स स्कूल के परीक्षा केंद्र पर शारदा पब्लिक स्कूल, पॉयनियर पब्लिक स्कूल, टिनटॉट स्कूल उतरौला, राजकीय सर्वोदय आश्रम, जवाहर नवोदय विद्यालय भिनगा के परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज अस्थाना ने बताया कि स्कूल में गौरव कसौंधन ने 91.2 प्रतिशत सर्वाधिक अंक अर्जित किया है।
सेंट जेवियर्स विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि शुभ अग्रवाल ने सर्वाधिक 95.8 और तान्या कलहंस ने 93 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। परीक्षा में 105 के सापेक्ष 97 परीक्षार्थी 12वीं में पास हुए है। शारदा पब्लिक स्कूल के निदेशक पराग बोस ने बताया कि नसरीन चौधरी ने 93 प्रतिशत सर्वाधिक अंक अर्जित किया है। 35 छात्र 12वीं की परीक्षा में पास हुए है। कोई भी परीक्षार्थी फेल नहीं हुआ है। पॉयनियर पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. एमपी तिवारी ने बताया कि स्कूल में अनिकेत तिवारी ने 93 प्रतिशत सर्वाधिक अंक अर्जित किया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जीके मिश्र ने बताया कि उनके स्कूल में दिव्या तिवारी ने 91.6 प्रतिशत सर्वाधिक अंक प्राप्त किया है। एमजे एक्टिविटी स्कूल के प्रधानाचार्य सचिन मदान ने बताया कि अनुज पांडेय ने स्कूल में सर्वाधिक 91 प्रतिशत अंक अर्जित कर नाम रोशन किया है। जिले के सभी सीबीएसई बोर्ड के प्रधानाचार्यो ने सफल प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। छात्रों के सफल होने पर प्रबंध निदेशक सुयश आनंद, संयुक्त निदेशक सुजाता आनंद, समीर रिजवी, एसपी आनंद, समीर रिजवी, सुदीपा बोस आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए बधाई दी है।