बलरामपुर के कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी सभागार में मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण की तैयारी की
बलरामपुर। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 14-14 टेबल पर लोकसभा चुनाव की मतगणना कराई जाएगी। तीन-तीन टेबल रिजर्व रहेंगे। चार जून को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी। इसकी तैयारियां जोरों पर है। पार्टियों की ओर से मतगणना अभिकर्ता तय किए जा रहे हैं।
डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि मंडी समिति में श्रावस्ती लोकसभा सीट से जुड़े तीन विधानसभा क्षेत्र सदर, तुलसीपुर व गैसड़ी, गोंडा लोकसभा सीट से जुड़े उतरौला विधानसभा क्षेत्र के चुनाव और गैसड़ी विधानसभा सीट केे उपचुनाव की मतगणना कराने के लिए पांच कक्ष तैयार किए जा रहे हैं। विधानसभावार 14-14 टेबल लगाए जा रहे हैं। मतगणना में 420 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक-एक मतगणना पर्यवेक्षक, सहायक, माइक्रो ऑब्जर्वर व चतुर्थ श्रेणीकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में प्रथम रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कराकर निर्वाचन आयोग को सूचना भेज दी गई है। इस अवसर पर सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक व जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित कुमार मौजूद रहे।
आज दिया जाएगा प्रशिक्षण
मतगणना कार्मिकों को 29 मई को प्रशिक्षण दिया जाएगा। चार मास्टर ट्रेनर उन्हें प्रशिक्षित करेंगे। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि विकास भवन सभागार में डाक मतपत्रों की गणना करने वाले 60 कार्मिकों को एक बैच को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसडीएम न्यायिक संजीव यादव की निगरानी में मास्टर ट्रेनर रेवती रमन चौधरी व प्रदीप कुमार त्रिपाठी प्रशिक्षण देंगे। कलेक्ट्रेट सभागार में तीन बैच में 390 मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक बैच में 130 कार्मिक रहेंगे।प्रशिक्षण की निगरानी सदर विधानसभा क्षेत्र के एआरओ, एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर, उतरौला एसडीएम अवधेश कुमार, तुलसीपुर विधानसभा की अपर एसडीएम संतोष कुमार ओझा व गैसड़ी विधानसभा की तुलसीपुर एसडीएम अभय कुमार सिंह करेंगे।