बलरामपुर। पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना फसल का सर्वे शुरू हो गया है। खेतों में लगी फसल की पैमाइश के लिए 138 टीमें लगाई गई हैं। 30 जून तक टीमों को पैमाइश करके रिपोर्ट देनी होगी।
चीनी मिलों के लिए गन्ना सर्वे महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि सर्वे के आधार पर ही गन्ने का आवंटन और आगामी पेराई सत्र में चीनी उत्पादन का अनुमान तय किया जाता है। सर्वे के लिए बलरामपुर तहसील में 69, तुलसीपुर में 49 व उतरौला में 20 कुल 138 टीमें लगाई गई हैं। इस बार गन्ना सर्वेक्षण में डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य गन्ने के उत्पादन का सही आंकलन करना है, ताकि आगामी पेराई सत्र के लिए चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति की योजना और किसानों के लिए पर्ची निर्गमन की प्रक्रिया को त्रुटिहीन बनाया जा सके।