बलरामपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर)के तहत जिले में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन के लिए बड़ी संख्या में दावे-आपत्तियां आ रही हैं। अब तक कुल 1,33,149 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 13,466 का निस्तारण कर दिया गया है। शेष आवेदनों की जांच तेज कर दी गई है, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार हो सके।
दिसंबर माह में प्रारंभिक सूची प्रकाशन से पहले 17,222 दावे-आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनमें फाॅर्म-6 के 12,161, फाॅर्म-6क के तीन, फाॅर्म-7 के 465 और फाॅर्म-8 के 4,593 आवेदन शामिल थे। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद आवेदन संख्या में तेजी आई और 1,15,927 दावे-आपत्तियां दर्ज हुईं। इनमें फार्म-6 के 97,149, फार्म-6क के दो, फार्म-7 के 2041 और फार्म-8 के 16735 आवेदन शामिल हैं। अब तक फार्म-6 के 8912, फार्म-7 के 259 और फार्म-8 के 4295 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। कुल मिलाकर 13,466 प्रकरणों का समाधान हो चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम चरण है। सभी आवेदनों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर अंतिम मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाए।
राजनीति दलों की तरफ से बनाए गए बीएलए
जिले में विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से कुल 5,364 बीएलए नियुक्त किए गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 1724 बीएलए, आम आदमी पार्टी के 57, बसपा के 1120, कांग्रेस के 1006 और समाजवादी पार्टी के 1457 बीएलए बनाए गए हैं।