बलरामपुर। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित जनपद के 130 जवानों को लखनऊ में 15 जून को नियुक्तिपत्र दिया जाएगा। पुलिस लाइन से रविवार सुबह रोडवेज की तीन बसों से जवानों को लखनऊ भेजा जाएगा। एसपी विकास कुमार ने जवानों को बधाई दी। पुलिस जवानों को अनुशासित रहने का निर्देश दिया। एएसपी विशाल पांडेय ने नवचयनित सभी पुलिस जवानों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थी नियुक्तिपत्र पाने के लिए रविवार सुबह लखनऊ रवाना होंगे। जिले में 130 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में 98 पुरुष व 32 महिलाएं हैं। सीओ लाइन डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 जून को पुलिस भर्ती परीक्षा के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र वितरित करेंगे।
बताया कि शासन के निर्देश पर इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक जिले से चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ पहुंचना है। इसकी व्यवस्था स्थानीय पुलिस के माध्यम से की गई है। उधर, एआरएम गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि रोडवेज बसें चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाएंगी।