बलरामपुर के बसंतलाल इंटर कॉलेज तुलसीपुर में परीक्षा देने पहुंची छात्राएं।
बलरामपुर। जिले के 67 केंद्रों पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा दो पालियों में कराई गई। परीक्षा के लिए 22,429 विद्यार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 21,205 ने परीक्षा दी है। 1,224 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
पांचवें दिन मंगलवार को 67 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में हाईस्कूल के विज्ञान विषय की परीक्षा कराई गई। इनमें पंजीकृत 20,664 के सापेक्ष 19,505 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 1,159 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट वाणिज्य वर्ग के लेखाशास्त्र विषय की परीक्षा में 166 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 161 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है, वहीं पांच विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में हाईस्कूल के कृषि विषय में 238 के सापेक्ष 219 विद्यार्थी परीक्षा मे शामिल हुए, वहीं 19 ने परीक्षा छोड़ दी है। इंटरमीडिएट के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा में 1,361 के सापेक्ष 1,320 विद्यार्थी शामिल हुए। 41 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी करते रहे। साथ ही तीन जोनल व नौ सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। कहीं पर किसी भी तरह की शिकायत नहीं मिली है।