बलरामपुर। जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को आई कोरोना रिपोर्ट में एक एसएसबी जवान सहित 11 लोग पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव पाए गए लोगों को इलाज के लिए लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को आई कोरोना रिपोर्ट में एसएसबी का एक जवान पॉजिटिव पाया गया है। इसके अतिरिक्त बलरामपुर नगर क्षेत्र के मोहल्ला तुलसीपार्क में तीन, नई बस्ती में एक, बरमभारी तुलसीपुर में दो, बलरामपुर ग्रामीण में एक, लौकहवा बलरामपुर में एक, बिजलीपुर में एक व विशुनापुर बलरामपुर के एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है।
पॉजिटिव पाए गए लोगों को लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। इन लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को 2 लोगों की दूसरी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव मिली है।
स्वस्थ होने वाले मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केस की कुल संख्या 1726 हो गई है। 1579 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 26 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 121 है।