बलरामपुर। जिला महिला अस्पताल व संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर सोमवार को 11 नवजातों की किलकारी से गूंजा। इनका जन्म श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर होने के कारण परिवार में खुशी दिखी। इसमें आठ बच्चों का जन्म जिला महिला अस्पताल में और तीन बच्चों का जन्म संयुक्त अस्पताल में हुआ।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में भतीजे के जन्म पर संतोष कुमार ने खुशी जताते हुए मिठाई भी बांटी। कहा कि सोमवार को अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर पुत्र रत्न की प्राप्ति होना सौभाग्य की बात है। वहीं महिला अस्पताल में बेटी के जन्म पर अनिल कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन उनके घर लक्ष्मी आई हैं। सीएमओ डा. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि सोमवार को जन्म हुए बच्चों की विशेष देखभाल करने का निर्देश अस्पताल के सीएमएस को दिया गया है।