बलरामपुर। धुसाह स्थित सपा कार्यालय लोहिया भवन में बीते दिन समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में विजयदशमी कार्यक्रम एवं बौद्ध मेला की तैयारियों पर चर्चा की गई। बौद्ध मेला में शामिल होने के लिए आठ अक्तूबर को जिले से 10 हजार सपाई श्रावस्ती जाएंगे।
पूर्व मंत्री एवं निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष डॉ. एसपी यादव आठ अक्तूबर को श्रावस्ती में आयोजित होने वाले अशोक धम्म विजयदशमी कार्यक्रम एवं बौद्ध मेले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए बलरामपुर जिले से 10 हजार कार्यकर्ता श्रावस्ती जाएंगे।
कार्यकर्ताओं को श्रावस्ती ले जाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जन समस्याओं के खिलाफ नवंबर माह में उतरौला तहसील मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में जिले के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की गई।