-बलरामपुर। ग्रामीण अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 10 नए चिकित्साधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसी महीने चिकित्साधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। चिकित्साधिकारियों की संख्या बढ़ने से मातृ-शिशु को इलाज की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि मातृ स्वास्थ्य के तहत जिला महिला अस्पताल में एक चिकित्साधिकारी, बाल स्वास्थ्य के लिए जिला महिला व संयुक्त जिला चिकित्सालय में तीन चिकित्साधिकारी व जिला अस्पतालों में तीन इमरजेंसी चिकित्साधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा उतरौला के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दो चिकित्साधिकारी नियुक्ति किए जाएंगे। महिला अस्पतालों में नये चिकित्सकों की तैनाती होने से महिला व बच्चों को ओपीडी में सुविधा मिलेगी।
23 को होगा साक्षात्कार
सीएमओ ने बताया कि एमबीबीएस चिकित्साधिकारियों की नियुक्ति साक्षात्कार के जरिये की जाएगी। 23 दिसंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में साक्षात्कार लिया जाएगा। साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को अपने सभी अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।