नगर के बहादुरपुर स्थित जिला पंचायत सदस्य के घर में चोरों द्वारा तोड़ी गई आलमारी तथा बिखरा पड़ा सा
- फोटो : BALLIA
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र बहादुरपुर वार्ड नम्बर 21 की जिला पंचायत सदस्य मनीषा सिंह का घर चोरों ने सोमवार की रात खंगाल दिया। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह गृहस्वामी को हुई, इसके बाद पीडि़त ने पुलिस को सूचना दिया।
मिली जानकारी के अनुसार खेजुरी निवासी टीडी कालेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष घनश्याम सिंह की पुत्रवधू शहर के बहादुर कालोनी में मकान बनवाकर रहती हैं। उनके पति श्याम प्रकाश सिंह बेसिक शिक्षा परिषद में प्रधानाध्यापक हैं। कोरोना के चलते पति-पत्नी इन दिनों गांव गए हुए हैं। मकान के एक फ्लैट में रह रहे किराएदार भी कुछ दिनों से नहीं हैं। खाली पाकर चोरों ने सोमवार की रात पूरे घर को खंगाल दिया। मंगलवार की सुबह पड़ोसी को शक हुआ तो इसकी जानकारी गृव्हस्वामी को सूचना दी। खेजुरी से आकर श्याम प्रकाश और उनकी पत्नी मनीषा ने कमरों के टूटे ताले और बिखरे समान देखे तो होश उड़ गए। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ दिया। इसक बाद घर के अंदर आलमारी में रखे जेवरात और हजारों नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। घर का मंजर देखने के बाद प्रधानाध्यापक श्याम प्रकाश सिंह ने घटना की जानकारी फौरन पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आश्वासन दिया कि घटना का खुलासा होगा। श्याम प्रकाश सिंह ने बताया कि करीब आठ माह पहले भी मेरे इसी घर के सामने खड़ी मेरी बाइक चोरी हो गई थी। तब पुलिस ने आश्वासन दिया था। चोरी की इस घटना से कालोनी में दहशत का माहौल है।