दुबहर। थाना क्षेत्र के सवरूबांध गांव निवासी रिंकू राम (35)की धारदार हथियार से घायल होने के बाद उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव लाया गया, शिवरामपुर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
सवरूबांध गांव निवासी रिंकू राम बुधवार सुबह नशे की हालत में परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। परिजनों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने घर में रखे धारदार हथियार से अपने गले पर वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर वाराणसी जा रहे थे, तभी गाजीपुर पहुंचने पर उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
इसके बाद परिजनों ने गाजीपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। थाना पुलिस की मौजूदगी में शिवरामपुर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस संबंध में दुबहर थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि युवक ने खुद पर वार किया था। अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। गाजीपुर में पोस्टमार्टम हुआ था। आगे की जांच की जा रही है।