फोटो- भीखाछपरा में हाईटेंसन तार के जद में आने से युवक की मृत्यु के बाद थाने पर धरना प्रदर्शन के दौर
- फोटो : BALLIA
बैरिया। क्षेत्र के भीखाछपरा गांव में टूट कर गिरे हाईटेंशन तार प्रवाहित करेंट की चपेट में आने से अखिलेश वर्मा की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने शव के साथ बैरिया थाने पर प्रदर्शन किया। बाद में एसएचओ एसी तिवारी के आश्वासन पर करीब 10 मिनट बाद ही प्रदर्शन समाप्त हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार ने कहा कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर विद्युत कर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
भीखाछपरा निवासी अखिलेश वर्मा (24) पुत्र स्व. कालीचरण वर्मा शनिवार सुबह मां सुशीला देवी के लिए खाना लेकर खेत में जा रहा था। भीखाछपरा स्थित सोता भागड़ के पास पहुंचा ही था कि सड़क पर टूट कर गिरे हाईटेंशन तार में प्रवाहित करेंट की चपेट में आ गया। ग्रामीण तार हटाकर उसे सीएचसी सोनबरसा ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि हाईटेंशन तार शुक्रवार की शाम को ही टूटा था उसी समय विद्युत विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद करवा दी गई थी, लेकिन बिना लाइन ठीक किए बिजली आपूर्ति कर दी गई जिससे अखिलेश की जान चली गई। घटना के बाद भीखाछपरा के सैकड़ों ग्रामीण नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार वर्मा के नेतृत्व में शव को साथ लेकर बैरिया थाना पहुंच गए और थाने के गेट पर जेई व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। एसएचओ के केस दर्ज करने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हो गए। इस मौके पर ग्राम प्रधान बनिया सिंह, चंद्रशेखर सिंह, संतोष वर्मा, शम्भूनाथ वर्मा, छोटेनंद वर्मा, मुन्ना वर्मा, अवधेश वर्मा, दशरथ वर्मा, पिंटू यादव, मनोज यादव आदि रहे। बाद में मृतक के बड़े भाई मुन्ना वर्मा की तहरीर पर बैरिया विद्युत उपकेंद्र के जेई व अन्य संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विद्युत संचालन में लापरवाही व गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
भीखाछपरा में हाईटेंशन करेंट से युवक की मौत के मामले में परिजनों को तहसीलदार बैरिया रामनारायण वर्मा ने कृषक दुर्घटना का लाभ दिलवाने का आश्वासन दिया। मृतक अखिलेश कुमार वर्मा के पिता किसान थे और उनकी मौत एक वर्ष पूर्व हो चुकी थी लेकिन किन्हीं कारण वश वरासत नहीं हुई थी। तहसीलदार ने बताया कि वरासत कराकर मृतक के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा दिलाया जाएगा।