सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद चिलकहर चट्टी पर सड़क जाम करते ग्रामीण।
- फोटो : BALLIA
चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर पेट्रोल पंप के समीप बीते छह नवंबर को हुए सड़क हादसे में घायल युवक की मंगलवार को वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। यह खबर जैसे परिजनों को मिली, कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने शव को चिलकहर चट्टी पर रख कर सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करने एवं मुआवजा दिलाने की बात पर जाम समाप्त कराया।
चिलकहर निवासी राहुल शर्मा (18) पुत्र राधेश्याम शर्मा घटना के दिन बाइक से अपने रिश्तेदार को छोड़कर घर आ रहा था कि इसी दौरान एक कार ने टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया था। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में घायल राहुल का चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी और मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने लखनऊ-बलिया मार्ग को लगभग एक घंटे तक अवरुद्ध कर दिया। मौके पर गड़वार और फेफना पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों और परिवारजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। एसएचओ फेफना ने मुकदमा पंजीकृत कर वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की।
बहन की शादी की तैयारियों में जुटा था राहुल
मृतक राहुल का एक छोटा भाई और एक बहन है। उसके पिता राधेश्याम शर्मा का पहले ही निधन हो चुका है। राहुल की बहन की शादी मई माह में तय थी और वह बहन की शादी की तैयारियों में जुटा था। इस घटना से उसकी मां और परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल-बेहाल है।
-----------------------------------