क्षेत्र के बसारिखपुर निवासी आदाब पुत्र शेख अयूब को खेजुरी थाना क्षेत्र के मासूमपुर दरगाह के पास शुक्रवार की भोर में कुछ युवकों ने लाठी डंडे से मारपीट कर गम्भीर रुप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया। वही पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
पीड़ित ने तहरीर में उल्लेख किया है कि आदाब के पुत्र फरहान का बृहस्पतिवार की रात खतना का कार्यक्रम था। जहां देर शाम नाच गाना का कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान गांव के सोनू यादव पुत्र मल्लू यादव व बजरंगी यादव पुत्र शिवजी यादव अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर कार्यक्रम में हुड़दंग करने लगे। मना करने पर चारों युवक मारपीट करने पर उतारू हो गए। इस दौरान लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को सुलझा दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शुक्रवार की भोर में करीब 3:20 बजे आदाब अपने दोस्त छोटू पुत्र बंजारी निवासी रसड़ी के साथ बाइक से बसारिखपुर जा रहा था, तभी रास्ते में दरगाह के पास पहले से घात लगाकर बैठे युवकों ने आदाब को रोक कर ताबड़तोड़ लाठी डंडे से वार करना शुरू कर दिया। यह देख साथ जा रहे युवक छोटू मौके से भाग कर डायल 112 पर घटना की सूचना दी। आरोप है कि धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने भविष्य में ऐसा न करने की धमकी भी दी। इस बाबत एसएचओ अखिलेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।