चितबड़ागांव। क्षेत्र के मोहम्मदाबाद मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर शाम गैस सिलिंडर लदे ट्रक की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार दो युवकों में एक की मौत हो गई। घायल युवक को वाराणसी रेफर किाय गया है।
चितबड़ा गांव के आजाद नगर का निवासी लव गोंड (18) पुत्र पुताकन गोंड और कमलेश गोंड (20) पुत्र शिव चंद्र गोंड निवासी रामपुर चीट मांगलिक कार्यक्रम के लिए चितबड़ागांव से खरीदकर वापस रामपुर जा रहे थे। जैसे ही दोनों यूनियन बैंक के पास पहुंचे कि गैस सिलिंडर से लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इसमें बाइक पर सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मुकामी पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल भेज दिया ,जहां लव गोंड को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं कमलेश गोंड को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया।
बाइक से टकराकर दुकान में घुसी कार, चार जख्मी
नगरा। थाने के समीप बृहस्पतिवार की सुबह बेकाबू कार बाइक को टक्कर मारते हुए चाय की दुकान में घुस गई। हादसे में चाय की दुकान पर बैठे तीन पुलिस कर्मी व बाइक सवार घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को अलग अलग अस्पतालों में उपचार कराया। नगरा-गड़वार मोड़ से बाजार के तरफ से जा रही कार अनियंत्रित होकर थाने के समीप बाइक से घर जा रहे थाना क्षेत्र के देवढि़या निवासी सतेंद्र यादव (35) को धक्का मार दिया। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क के किनारे स्थित चाय की दुकान में घुस गई। दुकान पर बैठे डॉयल 112 के एसआई ओमप्रकाश सिंह (55), कांस्टेबल रामदशरथ यादव (46) और रामाशंकर मद्धेशिया (60) घायल हो गए।