हल्दी थाना क्षेत्र में एक ही रात दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई वहीं एक की हालत गंभीर है।
ग्राम सभा हल्दी के नेम छपरा निवासी शशिकांत तिवारी (23) हल्दी-सहतवार मार्ग स्थित कटरे से अपने घर लौट रहे थे। बुलेट पर सवार होकर बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे निकले थे। रास्ते में राव बस्ती के पास बाइक असंतुलित होकर पलट गई। शशिकांत बाइक के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे परिवार के सदस्य उसे लेकर जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता प्रेम शंकर तिवारी कोलकाता में पुलिस महकमे में कार्यरत हैं। मां भी उनके साथ ही वहीं रहती हैं। हादसे की सूचना रात में ही फोन के जरिए उन्हें दे दी गई। शशिकांत तीन भाइयों में सबसे छोटे था। ऊधर, हल्दी बगइचा टोला निवासी अजीत पटेल बैरिया थाना क्षेत्र के प्रसाद छपरा के मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गए थे। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा के डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।