करेंट की जद में आने से हुई युवक की मौत के बाद आपातकालीन कक्ष के बाहर उपस्थित परिजनों और लोगों
बलिया। शहर से सटे सहरसपाली गांव के रहने वाले 18 वर्षीय अमन खरवार की मंगलवार दोपहर घर में इन्वर्टर का तार जोड़ते समय करंट लगने से हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर द्वारा युवक को मृत घोषित किए जाने से परिजन संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि अमन अभी जीवित है और उसे बेहतर उपचार की आवश्यकता है।
इसी बात को लेकर परिजनों ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन युवक को लेकर एक निजी अस्पताल चले गए। उनका कहना था कि वहां उसका उपचार कराया जाएगा।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉ. सुमीर सिंह ने बताया कि करंट की चपेट में आए युवक को अस्पताल पहुंचने पर उसे बचाने के लिए सीपीआर दिया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। संवाद