बैरिया। सुरेमनपुर-बकुल्हा रेलवे स्टेशन के बीच बैजनाथपुर गांव के सामने रविवार की दोपहर ट्रैक पार करते समय छपरा की तरफ से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से मधुबनी निवासी अंकित कुमार मौर्य उर्फ प्रदीप कुमार (25) पुत्र उमाशंकर मौर्य की मौत हो गई।
रेल ट्रैक के किनारे मवेशी चरा रहे चरवाहों ने बताया कि युवक रेल पटरी को पार कर रहा था कि मालगाड़ी की चपेट में आ गया। सुरेमनपुर स्टेशन की जीआरपी ने इसकी सूचना सुरेमनपुर पुलिस चौकी को दी। बताया कि घटना आउटर सिंग्नल के बाद हुई और घटना स्थल बैरिया थाना क्षेत्र में पड़ेगा। इसके बाद भी काफी देर तक मृतक का शव रेल पटरी के किनारे पड़ा रहा। मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। मौके पर पहुंचे परिजन मृतक का शव ले गए। बाद में सुरेमनपुर के चौकी इंचार्ज मन्तोष सिंह व पुलिसकर्मी के अलावा एसएएफ शत्रुध्न कुमार व आरपीएफ के दीवान जेपी तिवारी मौके पर पहुंचे लेकिन शव नहीं मिला तो वापस लौट गए। संबंधित मालगाड़ी के चालक ने सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को मेमो दिया कि 27/06 व 07 किमी पर एक युवक ट्रेन से कट गया है।