मनियर (बलिया)। स्थानीय बस स्टैंड पर सोमवार सुबह करीब सात बजे भाजपा विधायक केतकी सिंह के विकास कार्यों से संबंधित लगाए गए पोस्टर को फाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी सीज कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक अपना ई-रिक्शा पोस्टर के पास खड़ा किया और उसकी छत पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तत्काल थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी को दी। साथ ही विधायक प्रतिनिधि एवं उनके श्वसुर विश्राम सिंह को भी सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए छितौनी निवासी राजेश यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पोस्टर फाड़ने में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी जब्त कर सीज कर दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित ई-रिक्शा चालक मंदबुद्धि प्रतीत होता है। उसके विरुद्ध शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। संवाद