बलिया। गड़हांचल के भरौली स्थित मैदान में गड़हा महोत्सव पर भोजपुरी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। गड़हा विकास मंच द्वारा आयोजित भोजपुरी कवि सम्मेलन में रविवार की रात कवियों ने एक ओर जहां बेरोजगारी के दंश को शब्दों में लपेट कर उकेरा तो वहीं, वीर, हास्य व शृंगार रस की कविताओं से लोगों का मनोरंजन भी किया।
कवि सम्मेलन की शुरुआत हरियाणा से आई 12 वर्षीय तनिश्का सैनी ने शास्त्रीय शैली में सरस्वती वंदना से किया। हास्य कवि डॉ अनिल चौबे ने ‘बटन सी आंख बीच चाइनीज नाक तेरी’ से सबको हंसाया। उन्होंने ‘भाग रे मरदे का घबड़ा ले लइका तोर नेता हो जाई, एक दिन देश बेच के खाई’. सुना कर राजनीति पर भी व्यंग्य किया। कवि संजीव त्यागी ने ‘आईं जा नमन करीं जा फतेह बहादुर शाही के’ और ‘ब्रेक फ़ास्ट के बीचे दुपहरिया के भोजन लंच हो गइल’ सुनाया तो हंसी के ठहाके फूट पड़े। कवि हेमंत निर्भीक ने ‘ भृकुटि तनी हुई थी आंखों से वो लाल था, नींद कैसे आए जब देश का सवाल था, अब्दुल हमीद गाजीपुर का लाल था’ सुनाकर वाहवाही लूटी। कवि जयप्रकाश जिद्दी ने ‘बिकने वालों की लाइन में तुम भी लग जाओगे’ सुनाकर बेरोजगारी पर प्रहार किया। फजीहत गहमरी ने ‘गांधी हमारे होठ पे गोडसे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजुए कातिल में है’ सुनाया तो खूब तालियां बजीं। निजाम बनारसी ने गजल ‘रूबरू गर शबाब हो जाए, आईना लाजवाब हो जाए’ से माहौल में रुमानियत ला दी। ज्योति राय ज्वाला ने ‘गद्दारों की बातें सुन ज्योति ज्वाला बन जाती है’, हास्य कवि डंडा बनारसी ने ‘आज मैं दारू पीउंगा यहां कहीं मधुशाला है’, डॉ सुमन दुबे ने ‘आगाज किया है तो अंजाम भी लिख देना, भेजे हैं कबूतर तो पैगाम भी लिख देना’, कवि भूषण त्यागी ने ‘सरहदों पर टहल रहे हैं तेरी खुशी के लिए, तपती राहों पे तेरी खुशी के लिए’, आदि रचनाएं पेश की। अध्यक्षता पंकज भारद्वाज व संचालन डॉ अनिल चौबे ने किया। अध्यक्ष चन्द्रमणि राय ने स्वागत किया जबकि अभिनेता गोपाल राय ने आभार जताया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चौसा सुनीता राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेवतीपुर मुकेश राय, मनोज राय, दिनेश वर्मा, विन्ध्याचल पाठक, मणिशंकर मिश्रा, प्रकाश तिवारी, विनोद तिवारी, डॉ राजेश राय, मार्कंडेय राय, दर्शन तिवारी, सुशील राय, बृजेन्द्र राय, पिंकू सिंह, कृष्णा पांडेय, हरेराम राय, कामता राय,नन्दजी तिवारी, कमलेश राय, अंजनी राय, रमेश यादव, रियाजूद्दीन राजू आदि रहे।
इनसेट
गड़हा विकास मंच ने राज्य मंत्री से मांग की
बलिया। कवि सम्मेलन में मौजूद राज्य मंत्री उपेन्द्र तिवारी से मंच के सदस्यों ने विशेश्वरपुर से बसनिया तक सड़क, कोरंटाडीह से निर्भया के गांव तक सड़क, गड़हांचल के हर गांव में एक सरकारी नलकूप स्थापित कराने, न्यू पीएचसी मेड़वरा कला में चिकित्सकों की तैनाती, गड़हांचल में विद्युत के एचटी व एलट तारों को बदलने, गड़हा महोत्सव को सरकारी कैलेंडर में शामिल करने की मांग की। जिसे पूरा करने का उन्होंने आश्वासन दिया। संवाद