बलिया। जिले में श्रम विभाग द्वारा पांच-पांच सौ रुपये भत्ता प्राप्त करने के लिए स्नातक व परास्नातक बेरोजगार भी श्रमिक कार्ड के लिए पंजीकरण करा रहे हैं। योजना के एलान होने के बाद 31 दिसंबर तक 11,47,254 लोगों ने श्रमिक कार्ड के लिए पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब से ई-श्रम कार्ड वाले श्रमिकों के लिए 500 रुपये महीने देने की घोषणा की है, तब से ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की बाढ़ आ गई है। इसके पहले अक्तूबर तक जिले में केवल 5.46 लाख श्रमिक पंजीकृत थे। वहीं दिसंबर तक यह संख्या बढ़कर 11,47,254 के पार पहुंच गई है।
प्रदेश की योगी सरकार ने मार्च 2022 तक असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को 500-500 रुपये उनके बैंक खातों में भेजने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद स्नातक व परास्नातक की पढ़ाई कर चुके बेरोजगार युवकों ने भी अपना पंजीकरण कराया है। इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के ई-श्रम कार्डधारकों को इसका लाभ दिया जाएगा। लाभार्थियों को प्रतिमाह पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। यह रकम उन्हें भत्ते के रूप में मिलेगी। श्रम विभाग के मुताबिक, 31 दिसंबर तक जिले में 11,47,254 लोगों ने आवेदन किए हैं। इन लोगों ने अपने ई-श्रम कार्ड बनवाए हैं। 25 दिसंबर तक आवेदन करने वाले लोगों को पहली किस्त जल्द ही मिल जाएगी। उन लोगों के खाते में दो माह का भत्ता एक हजार रुपये ट्रांसफर किया जाएगा। 25 दिसंबर तक आवेदन करने वाले लोगों को इसी माह पहली किस्त मिल जाएगी। पहले चरण में इन लोगों के खाते में दो माह का भत्ता का एक हजार रुपया ट्रांसफर किया जाएगा। जबकि अन्य लाभार्थियों को दूसरे चरण में लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा पंजीकृत नवीनीकृत 54257 श्रमिकों को भी भत्ता का दो माह का एक हजार रुपया पहले चरण में अंतरित किया जाएगा।
----
आज होगा भत्ता देने का शुभारंभ
ई-श्रम योजना के तहत सोमवार को भत्ता की पहली किस्त एक हजार रुपये पंजीकृत श्रमिकों के खाते में भेजी जाएगी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में किया जाएगा। इसी दौरान सीएम वीडियो कांफ्रेसिंग के द्वारा जिले के दस पंजीकृत श्रमिकों को भत्ता की पहली किस्त जारी करेंगे। यह जानकारी जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने दी। बताया कि इसके लिए दस पंजीकृत श्रमिक विकास भवन स्थित एनआईसी में कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहेंगे।
---
18 से 59 उम्र वालों को कर सकते हैं आवेदन
इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। उसकी उम्र 18 से 59 आयु वर्ग के बीच होनी चाहिए। उसकी मासिक कमाई 15 हजार से कम हो। केवल आधारकार्ड व मोबाइल नंबर के जरिए ई-श्रम पोर्टल पर आवेदन करके लाभ उठाया जा सकता है। ई श्रम योजना के तहत श्रमिक कार्ड बनवाने में असंगठित क्षेत्र की महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। श्रमिक कार्ड के लिए 31 दिसंबर तक करीब पांच लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है। योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं आगे आई हैं।
---
ई-श्रम योजना के तहत 1147254 लोगों ने 31 दिसंबर तक श्रमिक कार्ड के लिए आवेदन किया है। ऐसे लोगों के खाते में पांच-पांच सौ रुपये भत्ते के रूप में भेजे जाएंगे। यदि आवेदन करने वाला अपात्र होगा तो उससे रिकवरी भी कराई जाएगी। दो चरणों में लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
-जितेंद्र कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बलिया।
---