रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-तीन शिवपुरी निवासी महिला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों में चर्चा है कि उन्होंने कीटनाशक पदार्थ खा लिया था।
शिवपुरी निवासी पूनम तिवारी (45) पत्नी रविंद्र तिवारी ने बुधवार को कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सुबह करीब 10 बजे भर्ती कराया गया। उपचार किए जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका के पुत्र धनंजय की शादी करीब आठ माह पूर्व हुई थी। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।