बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर नई बस्ती की अनुसूचित जाति की महिला से काली माता की पूजा-पाठ के विवाद को लेकर गांव के चार लोगों ने मारपीट की।
पुलिस ने महिला की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता रंजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अगस्त को वह अपने बच्चों के साथ डेरा पर जा रही थी। रास्ते में पहले से खड़े गांव के राहुल गुप्ता पुत्र हरेन्द्र गुप्ता, संजय गुप्ता, रीमा गुप्ता और सीमा राजभर ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि सभी ने सावन माह में हुई काली माता की पूजा के पुराने विवाद का हवाला देते हुए उसे जातिसूचक शब्द कहे। रंजू देवी के अनुसार, उसने छुआछूत न करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग नहीं करने की बात कही तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडे, लात-घूंसों से उसकी, उसकी मां और बहन की पिटाई की। मारपीट में उसकी मां का अंगूठा टूट गया और उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद