शंकरपुर स्थित मां शांकरी भवानी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र शनिवार से शुरू हो गया। पहले दिन जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्घालुओं ने दर्शन-पूजन किया तथा नारियल, चुनरी, धूप, गुड़हल चढ़ाकर परिवार के सुख-समृद्घि की कामना की। इस दौरान मां के जयकारे एवं घंटे-घडिय़ाल से मंदिर परिसर सहित पूरा क्षेत्र के भक्तिमय हो गया। तत्पश्चात लोगों ने अपने-अपने घरों में वैदिक मंत्रोच्चार व शुभ मुहूर्त में कलश की स्थापना कर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के लिए मंदिर के पट चार बजे भोर से ही खोल दिए गए थे। इस दौरान सोशल डिस्टेसिंग व सैनिटाइजर के साथ श्रद्घालु मास्क लगाए हुए थे। सुरक्षा के मद्देनजर भारी मात्रा में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कुछ प्रमुख मंदिरों में सीसी टीवी कैमरे तक लगाए गए थे। ताकि अराजकतत्वों पर नजर रखी जा सकें।
नगर के गुदरी बाजार व जापलिनगंज दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, फेफना थाना के कपूरी गांव स्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर, नरहीं थाना के कोरंटाडीह स्थित मंगला भवानी, रसड़ा के काली मंदिर, नीबू कबीरपुर व उचेड़ा स्थित चंडी भवानी, सिकंदरपुर के जल्पा-कल्पा मंदिर, मनियर के बुढ़ऊ बाबा मंदिर व नवका बाबा मंदिर, रेवती के पचरूखा देवी गायघाट मंदिर पर मां के भक्तों ने दर्शन पूजन कर सर्व मंगल की कामना की। घरों में भी मां की अराधना में कलश स्थापना की गई।
कोरोना के चलते पहले दिन भीड़ रही कम, उत्साह में नहीं दिखी कमी
बेल्थरारोड। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन नगर क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों में पूजन अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सोनाडीह स्थित भागेश्वरी- परमेश्वरी मंदिर और चंदाडीह स्थित मातु जी महारानी मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मानस मंदिर पर दिनभर पूजन- अर्चन की धूूम रही।
नवरात्र के पहले दिन शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी मंदिर में जयकारा लगाते श्रद्धालु।- फोटो : BALLIA