फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनसहयोग से बनेगी सड़क तो मजदूर होगा सुरेंद्र: बैरिया विधायक

विज्ञापन
बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह। - फोटो : BALLIA
विज्ञापन
जयप्रकाश नगर (बलिया)। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने एनएच 31 की दुर्दशा के लिए केंद्र के सड़क परिवहन मंत्री को जिम्मेदार बताते हुए क्षेत्र के युवाओं के भीख मांग कर हाईवे को गड्ढामुक्त बनाने के निर्णय को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार होने के बाद भी क्षेत्र के युवाओं को एनएच की मरम्मत करने के लिए भीख मांगनी पड़े, यह मेरे लिए शर्म की बात है।
विज्ञापन

लखनऊ में मौजूद बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने टेलीफोन पर अमर उजाला से बातचीत में कहा कि उनके क्षेत्र के युवाओं ने भीख मांग कर एनएच को गड्ढामुक्त कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में वे न सिर्फ सबसे पहले युवाओं को भीख देंगे बल्कि एक मजदूर के रूप में एनएच को गड्ढामुक्त करने का काम भी करेंगे। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले ही परिवहन मंत्री ने एनएच 31 की मरम्मत की घोषणा की थी लेकिन इसके बाद उन्होंने पलटकर इलाके का हाल तक जानने का प्रयास नहीं किया। इससे हमें शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मेरे क्षेत्र की जनता को धोखा दिया है। इसी से दुखी होकर मैंने पहले ही घोषणा कर रखी है कि इस बार होली नहीं मनाऊंगा और होली के एक दिन पहले ही एनएच पर स्थित दुबे छपरा कॉलेज के सामने उपवास पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कोई न कोई खराब सड़क के कारण चोटहिल होता है। इसको देखते हुए क्षेत्र के युवाओं ने एनएच को गड्ढामुक्त करने के लिए भिक्षाटन की तैयारी की है और मुझसे प्रथम भिक्षा प्राप्त करने की उम्मीद जताई है। वे उन्हें भिक्षा भी देंगे और एनएच 31 को गढ्ढा मुक्त करने में सहयोग भी देंगे। वह युवाओं और मजदूरों के साथ सिर पर मिट्टी उठाकर एनएच का गड्ढा भरेंगे।
सिर्फ आश्वासन ही मिला
बलिया। एनएच 31 पर बैरिया से माझी तक तमाम गड्ढे बन गए हैं जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इसके अलावा वाहन भी क्षतिग्रस्त होते हैं। एनएच को गड्ढामुक्त करने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोग कई बार चक्का जाम, धरना, अनशन कर चुके हैं। लोगों ने एन एच 31 की मरम्मत की मांग को लेकर 12 जुलाई 2018 को पदयात्रा की थी। 19 नवंबर 2018 को सुघर छपरा ढाला पर एन एच 31 पर चक्का जाम, 22 जनवरी 2019 को राघव सिंह के डेरा के सामने चक्का जाम, 6 जून 2019 को जिन्न बाबा स्थान के सामने आमरण अनशन व चक्का जाम, 18 जून 2019 को जिन्न बाबा के स्थान के सामने चक्का जाम, 25 अक्तूबर और 5 नवंबर को 2019 को जिन्न बाबा के सामने चक्का जाम किया था। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर नवीन मिश्रा ने टेंडर करा कर एनएच की मरम्मत कराने की घोषणा भी की लेकिन कुछ नहीं हुआ। पिछले तीन से न तो टेंडर हो सका है और न ही एनएच की मरम्मत हो सकी है। इससे जुड़े जयप्रभा सेतु की हालत भी काफी खराब है। कोई विकल्प नहीं होने के कारण प्रशासन पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद नहीं करा पा रहा है।
विज्ञापन

पुल की नहीं हुई मरम्मत तो हो सकता है हादसा
बेल्थरारोड। पूर्वी उत्तर प्रदेश को नेपाल, बिहार, बंगाल, असम आदि पूर्वोत्तर राज्यों से जोड़ने वाला भागलपुर सेतु जर्जर हो गया है। पुल के ज्वाइंट ढीले पड़ गए हैं तथा वाहनों के पुल से गुजरते समय कंपन होने लगता है। लोगों का कहना है कि पुल की शीघ्र मरम्मत नहीं की गई तो गम्भीर हादसा हो सकता है। देवरिया और बलिया को विभाजित करने वाली घाघरा नदी पर वर्ष 2002 में पक्के पुल का निर्माण किया गया। इस समय पुल का स्लैब धंस गया है तथा ज्वाइंट ढीले हो गए हैं। युवक मंगल दल तुर्तीपार के अध्यक्ष राममिलन यादव ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व पुल मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण किया गया होता तो पुल की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। उप जिलाधिकारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि पुल के शीघ्र मरम्मत के लिए सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें