खेजुरी थाना क्षेत्र के आसन गांव के पास बारातियों से भरी जीप शुक्रवार देर रात दूरी बताने वाले शिलापट्ट से टकराकर पलट गई। घटना में जीप सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फेफना थाना क्षेत्र के एकवारी मठिया वीरेंद्र गिरी के घर से बारात लेकर मनियर थाना क्षेत्र के गोरपोखर त्रिलोकी गिरी के यहां गई थी, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद बारात वापस लौटने लगी। इसी दौरान जीप अभी बारातियों को लेकर खेजुरी थाना क्षेत्र के आसन गांव के पास पहुंची थी कि शिलापट्ट से टकराकर पलट गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया।
उसमें सवार फेफना थाना क्षेत्र के एकवारी मठिया निवासी राजू (08), भीखम गोंड (50), आशीष कुमार गिरी (12), वंशीधर (62), अरविंद (15), अनोज गिरी (10), रामनाथ गिरी (55) तथा सुनील (30) घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।