स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी व रोहित सिंह जलशक्ति मंत्री से मिले
जिले के गांवों को गंगा के कटान से बचाने का उठाया बीड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
बलिया। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित सिंह व स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिले। दोनों ने बलिया के हैबतपुर, माल्देपुर, खोरीपाकड़, सरफ्द्दीनपुर, दरामपुर, नसीराबाद, मुबारकपुर आदि गांवों को गंगा की कटान से बचाने के लिए मंत्री से कदम उठाने और बांध बनवाने की अपील की। मंत्री ने मामले में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि गंगा नदी के कटान की जद में आने वाले गांवों को बचाने की ओर सरकार ने कदम नहीं उठाया तो सैकड़ों लोग बेघर हो जाएंगे। उन्हें बचाने के लिए युवा चेतना बलिया से लेकर दिल्ली तक प्रयासरत है।
युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि गंगा नदी के कटान से दर्जनों गांवों को बचाने के लिए सरकार को अविलंब कार्रवाई करनी होगी। केंद्रीय मंत्री को समस्याओं से अवगत कराया गया है। जनता के हितों के लिए संघर्ष करना ही हमारा नैतिक दायित्व है। सरकार जनता की है और जनता की समस्या के निदान के लिए सरकार के दरवाजे पर हमने अर्जी दी है। बाढ़ का समय आ गया है अगर सरकार ने तत्काल कदम नहीं उठाया तो फिर लोगों को बहुत परेशानी उठानी पड़ेगी। इस अवसर पर ई. अजय मिश्रा भी मौजूद रहे।