मनियर। कोरोना को ध्यान में रखते हुए भीड़ न इकठ्ठा हो इसके लिए शासन के तरफ से प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। वही ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना वायरस फैलने का भय दिखाकर स्वास्थ्य केन्द्रों पर डाक्टरों की खूब मनमानी भी चल रही है। भय का हवाला देकर गेट बंदकर देने से बाहर मरीजों की काफी भीड़ इकठ्ठी हो गई। बुधवार को अस्पताल पहुंचे मरीजों को काफी जलालत झेलनी पड़ी। काफी हो-हल्ला के बाद चैनल का गेट खोलकर बारी-बारी से एक-एक मरीजों को अंदर बुलाया गया। कस्बा के चांदूपाकड़ निवासी इन्दू देवी पत्नी राधेश्याम ने बताया कि सुबह नौ बजे से बैठकर चैनल खुलने का इंतजार करती रही। भागीपुर निवासी रमावती देवी पत्नी गुलाब ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद गेट खुलने पर अंदर मौजूद कर्मचारियों ने वायरस फैलने का हवाला देकर बाहर कर दिया। गंगापुर निवासी पूनम पत्नी अरविंद ने बताया कि सुबह से ही अपनी दुधमुँही बच्ची को लेकर के चैनल गेट खुलने का इंतजार कर रही थी। गोड़वली निवासिनी गोसमी देवी पत्नी संजय यादव ने बताया कि पेट दर्द होने के बाद भी अपनी बारी के लिए मुझे काफी इंतजार करना पड़ा। इस बाबत डॉ. अबूतल्लहा ने बताया कि बाहरी देशों से यहां आए मरीजों के कारण ही मरीजों को गेट से बाहर रखा गया।