बलिया। बाढ़ और कटान की समस्या से स्थायी निजात, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और अर्नब चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिला संघर्ष समिति ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस संबंध में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। डीएम ने आगामी मंगलवार को संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया।
समिति के संयोजक जनार्दन सिंह ने बताया कि 20 नवंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की सूचना के बाद डीएम ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया था। इस दौरान बाढ़-कटान प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाने, बेघर परिवारों का पुनर्वास करने, चक्रवात से बर्बाद फसलों का मुआवजा देने और किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। समिति ने उम्मीद जताई कि बैठक में समस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में शिवाजी, कन्हैया शाही, कल्याण सिंह, तेज नारायण और राजाराम शामिल रहे।