जिला अस्पताल के आपरेशन थिएटर में बाहरी चिकित्सक द्वारा मरीज का आपरेशन करने के मामले में जांच पूरी होने के बाद दोषी वार्ड ब्वाय को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही वार्ड ब्वाय और आरोपी निजी चिकित्सक पर एफआईआर सहित अन्य कार्रवाई की भी संस्तुति की गई है। जल्द ही एफआईआर हो सकती है।
रेवती कस्बा निवासी सुनीता तिवारी के पैर में सुई चुभ गई थी। उन्होंने कस्बे के एक निजी चिकित्सक को दिखाया तो उसने जिला अस्पताल में आपरेशन करने के लिए बुलाया था। आपरेशन कक्ष में सुई निकालने की कोशिश भी की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। मरीज को बड़ा आपरेशन करने के लिए और पैसे की मांग की थी। परिजनों ने इसकी शिकायत तत्कालीन सीएमएस से की। साथ ही कोतवाली में तहरीर देने की भी बात कही थी। सीएम ने टीम बनाकर मामले की जांच सौंपी थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद उस दिन ओटी में तैनात वार्ड ब्वाय लालजी की संलिप्तता मिलने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रकरण में आरोपी निजी चिकित्सक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। आरोपी रेवती कस्बे में क्लीनिक चलाता है। सीएमओ डॉ. नीरज पांडेय ने बताया कि जल्द एफआईआर की कार्रवाई कराई जाएगी।