बांसडीहरोड/ भीमपुरा। सोमवार को आंधी के दौरान अवंराई कला और मनियारी जसाव गांव में दीवारें गिरने से मलबे के नीचे दब कर एक बुजुर्ग महिला और मासूम की मौत हो गई।
भीमपुरा के अवंराई कला गांव निवासी सितमी देवी (70) आंधी के दौरान अपने घर जा रही थी। बगल में शंकर प्रसाद के मकान के ऊपरी मंजिल पर हाल ही दीवार जोड़ी गई थी। आंधी में दीवार गिर गई, जिसके सितमी देवी दब गईं। उनको परिजन निजी अस्पताल ले गए।ं स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना परिजनों एसडीएम व पुलिस को दी। देर रात बेल्थरारोड एसडीएम राजेश गुप्ता व भीमपुरा थानाध्यक्ष आरएस नागर ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के मनियारी जसाव गांव में सोमवार की आंधी में दीवार गिरने से मलबे में दबकर अंकित कुमार (6) पुत्र शोभनाथ राजभर निवासी खानपुर जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सहतवार थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी शोभनाथ राजभर का 6 वर्षीय पुत्र मनियारी जसाव में अपने नाना छोटक राजभर के घर रहता था। सोमवार को अंकित खेल रहा था। आंधी आने पर वह भागकर घर में घुसने लगा। इसी बीच ईंट की दीवार उसके ऊपर गिर गई। उसकी माता ममता देवी का रोते रोते बुरा हाल है।