सरयू नदी के पानी से घिरा चाँददीयर पंचायत के कई पूरवा।
- फोटो : BALLIA
जयप्रकाशनगर। गंगा और सरयू नदी के पानी से क्षेत्र के गांव घिरने लगे हैं जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पशुपालकों के सामने चारे की समस्या पैदा हो गई है। पानी से घिरे गांवों में नाव की व्यवस्था नहीं होने से लोग तैर कर जा रहे हैं।
गंगा नदी के बाढ़ का पानी रामपुर कोड़रहा, भवन टोला, टीपुरी तो सरयू का पानी चांदीयर पंचायत के टोला फतेह राय के बैजनाथ के डेरा, बकुल्हा, बकुल्हा पूर्वी, चांददीयर आदि गांवों के चारों तरफ पहुंचने लगा है। इससे इन गांवों के लोग भयभीत हो चले हैं। सरयू नदी का पानी चांददीयर पंचायत के टोला फतेह राय के गांव के उत्तरी छोर पर पहुंच गया है। किसानों के खेत डूब गए हैं। आलम यह है कि परवल व कोन के खेतों में किसानों के जाने के लिए कोई मार्ग नहीं रह गया लिहाजा वह जान जोखिम में डालकर पानी में किसी तरह तैर कर जा रहे थे। इसी बीच सोमवार की शाम सरयू का पानी गांव के उत्तरी छोर गांव में प्रवेश करना शुरू कर दिया है। यदि नदी की स्थिति यही बनी रही तो यह सभी गांव दो से तीन दिन में बाढ़ के पानी से घिर जाएंगे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वीरेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य मुन्ना पासवान, अमर नाथ यादव, भीम सिंह आदि ने बताया कि अभी तक ग्रामीणों को बाढ़ राहत के तहत कोई सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है।
-
बाढ़ चौकी पर नहीं रहते कर्मचारी
जयप्रकाश नगर। जनपद में नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने बाढ़ राहत चौकियां स्थापित कराई हैं। प्रशासन का मानना था कि बाढ़ प्रभावित पीड़ितों को किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो इस चौकी पर तैनात कर्मचारी उनका सहयोग कर सकें लेकिन संबंधित चौकियों के कई जगह बाढ़ राहत चौकी का बैनर तो लगा दिया गया है लेकिन वहां कोई भी अधिकारी या कर्मचारी उपलब्ध नही हैं।
-