एनएच-31 से कछुआ खास गांव जाने वाले पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेक
दुबहर। गाजीपुर-मांझी एनएच-31 से कछुआ खास गांव को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग पर निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में अंडरपास पुलिया निर्माण की मांग को लेकर अनशन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा।
इस दौरान ग्रामीणों और छात्र नेताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। छात्र नेता आजाद भोला पांडेय ने कहा कि ग्रामीण अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन एनएचएआई के अधिकारियों ने अब तक आंदोलनकारियों से वार्ता करना भी उचित नहीं समझा है। ग्रामीणों के अनुसार ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के चलते कछुआ खास और ओझा कछुआ गांव के बीच से होकर ढोडा साहू के पोखरा, बेदपाली, चंदवक समेत कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग बंद किया जा रहा है। इससे करीब 15 हजार से ज्यादा लोगों के आवागमन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि ढोडा साहू के पोखरे पर वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन होता आ रहा है। ऐसे में अंडरपास निर्माण न होने से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां भी प्रभावित होंगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि एनएचएआई यहां एक अंडरपास पुलिया का निर्माण करा दे तो लोगों को सुविधा होगी। क्रमिक अनशन के दौरान छात्र नेता आजाद भोला पांडेय, कल्याण सिंह सहित सैकड़ों महिला-पुरुष और बच्चों ने एनएचएआई अधिकारियों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर केशव नारायण पांडेय, सुनील, छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित चौबे, आनंद पांडेय, संतोष सिंह, तेज नारायण ठाकुर आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।