बलिया। आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने तैयारियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों, विद्यालयों तथा नगर निकायों में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बीएसए को निर्देश दिए कि सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक को माध्यमिक विद्यालयों में भी व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में योग दिवस के सफल आयोजन के लिए अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक अधिकारी को निर्देशित किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा होर्डिंग्स एवं अन्य प्रचार सामग्री लगाई जाए। उन्होंने बताया कि योग दिवस के कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से 8 बजे तक आयोजित होंगे। जिले का मुख्य एवं भव्य कार्यक्रम पुलिस लाइन परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योग दिवस के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।