बलिया। शहर से सटे बहेरी गांव के ग्रामीणों ने गांव का मार्ग बनवाने को लेकर सोमवार की सुबह एनएच 31 पर भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री जमालुद्दीन शेख के नेतृत्व में चक्का जाम कर दिया। सुबह 11 बजे से 12 बजे तक एनएच जाम होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि जाम की जानकारी होते ही सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बातचीत के बाद नगर पालिका द्वारा बोल्डर गिराकर गड्ढा भरने का काम शुुरु किया तो इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
श्री शेख ने कहा कि शहर से लेकर माल्देपुर तक एनएच मार्ग पर कई जगह रोड के बीचो बीच गड्ढा हो गया है जिससे आने जाने वाले लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। जिसको लेकर कई दिनों से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया था लेकिन सरकार को बदनाम करने के लिए यह अधिकारी काम नहीं कर रहे थे। जिसको लेकर हम मोहल्लेवासियों ने जाम करने का निर्णय लिया। कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर जाम समाप्त कर दिया गया है आश्वासन में सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा है कि दो दिनों के अंदर बहेरी गांव की सड़क पूरी तरह मरम्मत कर दी जाएगी।
इनसेट....
जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर क्रमिक अनशन आरम्भसहतवार। वर्षो से जर्जर हो चुके सहतवार-छाता-बांसडीहरोड मार्ग के मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए आनंद प्रकाश पांडेय व मनीष सिंह दीक्षित के नेतृत्व में सहतवार स्थित बद्रीनाथ सिंह चौराहे पर क्षेत्र के युवा समाजिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार से क्रमिक अनशन की शुरु किया। पहले दिन क्षेत्र के क्रांतिकारी युवा आनंद प्रकाश पांडेय एवं मनीष सिंह दीक्षित ने क्रमिक अनशन पर बैठे।
अनशनरत आनंद प्रकाश पांडेय ने कहा कि सहतवार से बांसडीह रोड तक जाने वाला मार्ग जर्जर है, लेकिन हमारे क्षेत्र के जन प्रतिनिधि मौन साधे हुए है। इसलिए हम सभी युवाओं को मजबूर होकर क्रमिक अनशन पर बैठना पड़ रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आलोक पांडेय ने कहा कि खराब सड़क क्षेत्र के बिमार लोगों की जान लेने पर आमादा है। एंबुलेंस चालक इस रास्ते जाने से कतरा रहे हैं। मजबूर होकर बांसडीह कचहरी के रास्ते होकर जाने को मजबूर है। इसलिए जिला अस्पताल जाने में ज्यादा समय लग रहा है। महिलाओं का प्रसव जो जिला अस्पताल पहुंचकर होना चाहिए वह खराब सड़क की वजह से रास्ते में हो जा रहा है। इस रास्ते में अनेक विद्यालय भी है। उन विद्यालयों में स्कूल वाहनों से जाने वाले बच्चों का जीवन भी दांव पर लग रहा है। अनशनकारी मनीष सिंह दीक्षित ने कहा कि हम सब क्रमिक अनशन पर तब तक बैठे रहेंगे, जब तक संबंधित अधिकारी हमारी मांगे मान नहीं लेते हैं। अन्यथा कि स्थिति में आंदोलन को और बड़ा रूप देने को मजबूर होंगे। संचालन सामाजिक कार्यकर्ता सुशांत राज भारत ने किया। इस मौके पर शिवजी पाठक, अमरेंद पाठक, अभिनव सिंह, बलवंत सिंह, प्रियांशु तिवारी, विकास कुमार, अमित सिंह, प्रफुल्ल सिंह आदि ने अपना विचार व्यक्त किया।
जर्जर हो चुके सहतवार-बांसडीहरोड के मरम्मत करने या पुनर्निर्माण के लिए क्रमिक अनशन पर बैठे युवाओं द्वारा अपराह्न 4.30 बजे पहुंचे एसडीएम बांसडीह दुष्यंत मौर्या को ज्ञापन दिया और शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। इस बाबत एसडीएम ने बताया कि उच्चाधिकारियों से वार्ता करके आप लोगों को सूचित किया जायेगा। जिस पर अनशनरत युवाओं ने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण कार्य आरम्भ नहीं होगा, तब तक अनशन जारी रहेगा।