मनियर। क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर की एक एएनएम की ओर से प्रसव के नाम पर कथित तौर पर चार हजार का सुविधा शुल्क लेते हुए दिखाया जा रहा है। सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार हकीकत जानने मनियर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।
सीएमओ ने जांच शुरू की। उन्होंने आरोपी एएनएम को फटकार लगाई। सीएमओ ने चेतावनी दी कि इस तरह की शिकायत पर बर्खास्तगी की जाएगी। उधर, जिस परिवार का यह वीडियो है, उसने लिखित रूप में प्रशासन को दिया है कि उसने किसी दबाव में नहीं, बल्कि खुशी से 1000 रुपये दिए थे। आरोपी एएनएम ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि यह वीडियो उसे और अस्पताल की छवि को बदनाम करने की साजिश है। सीएमओ डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज कर लिया गया है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।