बलिया। प्रस्तावित नए मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने पुरानी जेल परिसर का निरीक्षण कर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। प्रारंभिक चरण में यहा 100 छात्रों के रजिस्ट्रेशन (सीटों) के साथ मेडिकल की पढ़ाई शुरू की जाएगी।
डीएम ने बताया कि शहर के बीचोंबीच स्थित करीब 15 एकड़ क्षेत्रफल वाले पुरानी जेल परिसर और जिला तथा महिला अस्पताल को मिलाकर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। डीएम ने मेडिकल कॉलेज के नक्शे (ब्लूप्रिंट) का अवलोकन किया और कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों से निर्माण कार्य की तकनीकी व व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जून माह में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास प्रस्तावित है, इसलिए शिलान्यास से जुड़ी तैयारियां कर ली जाएं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह परियोजना जिले के विकास और जनता की सेहत से सीधे जुड़ी है।
ओपीडी की क्षमताओं का भी खाका तैयार
इस नए मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिक्षा का भी बेहतरीन स्तर देखने को मिलेगा। जिलाधिकारी ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कॉलेज की ओपीडी क्षमता और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की। परिसर में वर्तमान में संचालित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को लेकर भी डीएम ने स्थिति साफ की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सीएमओ कार्यालय को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त कर लिया जाए।
नई जेल के निर्माण की तैयारी तेज
बलिया। आधुनिक जिला जेल के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। विकासखंड गड़वार के ग्राम नारायनापाली में प्रस्तावित नई जेल के लिए चिह्नित भूमि का मंगलवार को डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने नक्शे के माध्यम से चयनित भूमि का अवलोकन किया। अधिकारियों को समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि प्रस्तावित स्थल का तत्काल सीमांकन (पैमाइश) कराया जाए और वहां पिलर लगवाए जाएं। संबंधित काश्तकारों (किसानों) की खसरा-खतौनी जल्द प्राप्त करने के निर्देश दिए। स्थानीय काश्तकारों से खुद संवाद किया। उन्होंने किसानों की समस्याएं और उनके सुझाव सुने। हिदायत दी कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रियाएं नियमानुसार होनी चाहिए।
राजनैतिक दलों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
बलिया। निर्वाचन आयोग के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को डीएम ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे। डीएम ने जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों बेल्थरारोड, रसड़ा, सिकन्दरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह एवं बैरिया के निर्धारित गोदामों में जाकर सुरक्षा और रख-रखाव के इंतजामों का जायज़ा लिया। वेयरहाउस की सुरक्षा की समीक्षा की और अधिकारियों से जानकारी ली। लॉग बुक का भी अवलोकन किया। सीआरओ त्रिभुवन, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन थे।