गंगा दशहरा पर्व पर माल्देपुर गंगा घाट तक जाने वाली सड़क पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।संवाद
बलिया। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर गंगा में स्नान करने व मुंडन संस्कार के लिए भारी भीड़ गंगा घाटों पर उमड़ी रही। शहर के शिवरामपुर, माल्देपुर मुबारकपुर, मझौवा, उजियार सहित अन्य गंगा घाटों पर पुलिस फोर्स मुस्तैद रही। नदी घाटों पर नहाने वाले श्रद्वालुओं व मुंडन संस्कार वालों की भीड़ से सड़क से लेकर नदी घाट तक एक घंटे तक जाम रहा। माल्देपुर मोड पर फेफना व सदर कोतवाली पुलिस के जवान जाम छुड़ाने के लिए हाफंते नजर आए। मोड से नदी घाट जाने वाले मार्ग बड़े वाहनों के घूस जाने से जाम के हालत बन गए।
जाम छुड़ाने में एक घंटा से अधिक समय लग गया। एनएच-31 बलिया से मुबाकरपुर तक चार किमी तक सुबह छह बजे से 10 बजे तक वाहन जाम में रेंगते रहे। फेफना से भारी वाहनों को रूट डायवर्ट कर गड़वार सुखपुरा के रास्ते बैरिया, सिकंदपुर, बांसडीह भेजना पड़ा। जाम के कारण तेज धूप में लोग बिलबिलाते नजर आए।
नदी में गहराई वाले स्थानों पर नावों से घेराबंदी कर पुलिस तैनात रही। पुलिस की तत्परता से नहान व मुंडन संस्कार 11 बजे तक सम्पन्न हुआ।
चित्तू पांडेय चौराहा रेलवे क्रासिंग बंद होने से रोडवेज की तरफ जाने वाले वाहनों के कारण बहेरी तक जाम लग जा रहा है।