भाजपा के सुलतानपुर सांसद वरुण गांधी मंगलवार को घोसी सांसद हरिनारायण राजभर के टंगुनिया ग्राम स्थित आवास पर बेहद उखड़े दिखे। कार्यकर्ताओं की कम संख्या और पर्याप्त व्यवस्था न होने के चलते वे इस कदर भड़क गए कि न तो उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और न ही मीडिया से बात की।
ऐेसे में वहां मौजूद हर दिल से वरुण गांधी के लिए एक ही टिस निकली, न जी भर के देखा न कुछ बात की बड़ी आरजू थी मुलाकात की। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और फायर ब्रांड सांसद वरुण गांधी मंगलवार को अपने तयशुदा कार्यक्रम से दो घंटे विलंब से घोसी सांसद हरिनारायण राजभर के टंगुनिया स्थित आवास पर पहुंचे।
वहां कार्यकर्ताओं संख्या कम देखकर वे नाराज हो गए और बिना पानी पीये ही स्वागत समारोह से उठकर जाने लगे। फिर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की बात कही पर उसकी भी कोई व्यवस्था न होने से नाराज होकर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने से इंकार कर दिया। इस बीच वहां मीडिया के लोगों का जमावड़ा हो गया था पर उन्होंने मीडिया से भी बात करने से इंकार कर दिया।
इस दौरान एक मीडियाकर्मी ने उनसे नेशनल हेराल्ड के मसले पर संसद को कांग्रेस द्वारा बाधित करने पर प्रतिक्रिया मांगी तो वे बगैर जवाब दिए मुस्कराते हुए दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़ने की बात कह कर चल दिए। वरुण के इस व्यवहार से कार्यकर्ताओं सहित अन्य लोगों में नाराजगी है।
रसड़ा संवाददाता के मुताबिक भाजपा के कार्यकर्ता प्यारेलाल चौराहे पर मंगलवार की शाम सुल्तानपुर के भाजपा सांसद तथा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव वरुण गांधी के स्वागत के लिए गाजे-बाजे के साथ खड़े थे। जैसे ही वरुण गांधी का काफिला रसड़ा प्यारेलाल चौराहे पर पहुंचे कि कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारों के साथ स्वागत के लिए आगे बढ़े।
लेकिन वरुण गांधी का काफिला कने के बजाय आगे बढ़ गया। जिससे कार्यकर्ता मायूस होकर बैरंग वापस लौट गए। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मायूसी देखी गई। इस मौके पर संजय जायसवाल, भानू प्रताप सिंह, संदीप सोनी, हर्ष नारायण सिंह, शिशिर श्रीवास्तव, दिनेश वर्मा, अजीत भारद्वाज, पवन सिंह, सुमित बाबा, गोपाल सोनी, अतुल सोनी आदि मौजूद रहे।