विकास खंड रेवती, बैरिया, मुरली छपरा तथा बेलहरी ब्लॉकों में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव बुधवार को सात बजे से होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालयों से रवाना किया गया।
चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए आरओ, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उधर, चुनाव वाली रात को प्रत्याशियों की नींद उड़ी रही। साथियों के साथ प्रत्याशी पूरी रात जागकर वोटरों को रिझाने में जुटे रहे। प्रलोभन से लेकर मान मनौव्वल का दौर सुबह तक चलता रहा।
चौथे चरण में कई गांव के उम्मीदवारों मे कांटे की टक्कर होती दिख रही है। ग्राम प्रधान और सदस्य पद के प्रत्याशी पूरी रात मतदाताओं को रिझाने में जुटे रहे। आलम यह था कि एक प्रत्याशी किसी के मतदाता के घर से निकल रहा था तो ठीक उसी समय दूसरा प्रत्याशी मतदाता के घर पहुंच अपने पक्ष में डोरे डालना शुरू कर दे रहा था।
रातभर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए विभिन्न प्रकार के हथकंडे प्रत्याशियों द्वारा अपनाए जा रहे थे। इस चक्कर में मतदाताओं की रात की नींद भी हराम हो गई थी। पंचायत चुनाव में मैदान में उतरे मजबूत प्रत्याशियों का वोट, छुटभैया नेताओं के चक्कर में बिगड़ न जाए, इसके लिए मंगलवार रात को कत्ल की रात मानकर उम्मीदवारों ने मतदाताओं से बार-बार विनती करते नजर आए।
यहां तक कि लोगों से कसमें तक खिलाई गईं। वोट बटोरने के लिए मतदाताओं को तरह-तरह से खुश किया गया और रुके काम को कराने के लिए आश्वासन भी देते नजर आए। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी उम्मीदवारों की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थी।